उत्तर प्रदेश

UP Election 2027: मथुरा में BJP का चुनावी महामंथन खत्म, जीत की हैट्रिक के लिए बना खास प्लान

बैठक में पार्टी ने लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी करने के लक्ष्य के साथ चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा के फरह स्थित परखम में चल रही बीजेपी की दो दिवसीय चिंतन और योजना बैठक मंगलवार शाम 4 बजे समाप्त हो गई। बैठक में पार्टी ने लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी करने के लक्ष्य के साथ चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत करीब 50 से 55 वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सहित संगठन के अलग-अलग क्षेत्रों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने पर जोर

बैठक के पहले दिन सोमवार को करीब सात घंटे तक मंथन चला। इसमें संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों और पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। मंगलवार को पहले दिन की बैठक में तैयार की गई रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने रखी गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और विधायकों के कामकाज की जानकारी भी ली। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि पार्टी के राष्ट्रीय और स्थानीय नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। इसके साथ ही सरकार और संगठन के बीच समन्वय बढ़ाने तथा जनसंपर्क अभियान के जरिए लोगों तक पहुंच मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

टिकट और चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेगी नई केंद्रीय टीम

बैठक से जुड़ा एक अहम फैसला चुनावी निगरानी को लेकर सामने आया। क्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब पार्टी एक नई केंद्रीय टीम तैनात करने की तैयारी में है। यह टीम टिकट वितरण से लेकर चुनाव से जुड़ी दूसरी गतिविधियों पर नजर रखेगी।

बताया गया कि यह टीम सीधे राष्ट्रीय नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट देगी। इससे चुनावी तैयारियों और संगठन के कामकाज की निगरानी केंद्रीय स्तर से की जा सकेगी।

‘राधे-राधे, राधे-राधे कमल खिला दे’ के नारे से हुई शुरुआत

बैठक के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में कार्यक्रम की शुरुआत ‘राधे-राधे, राधे-राधे कमल खिला दे’ के उद्घोष के साथ हुई।

उन्होंने कहा कि बीजेपी के दो करोड़ से अधिक सदस्यों और ढाई लाख से ज्यादा सक्रिय कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए प्रेरित करने की योजना बनाई गई है। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करना है। राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने भी संगठन को मजबूत बनाने को बैठक का प्रमुख संदेश बताया।

केशव मौर्य बोले- अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी

बैठक खत्म होने के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या हमारी हो गई है और अब मथुरा की बारी है।

उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके सपने पूरे नहीं होंगे। केशव मौर्य ने यह भी कहा कि अगर अखिलेश यादव वास्तव में कृष्ण भक्त हैं तो उन्हें मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवक के रूप में आने की तैयारी करनी चाहिए।

ब्रजेश पाठक ने सपा और इंडी गठबंधन पर साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं के दम पर जनता के बीच पहुंचेगी। उन्होंने सपा और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी झूठ और भ्रम की राजनीति अब नहीं चलेगी।

ब्रजेश पाठक के मुताबिक, उत्तर प्रदेश विकास और कानून-व्यवस्था के मामले में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जनता तक अपनी बात पहुंचाएगी।

बैठक के बाद दिल्ली रवाना हुए योगी और नितिन नवीन

मथुरा में दो दिनों तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हेलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

मथुरा की दो दिवसीय बैठक में बीजेपी ने 2027 के चुनाव को लेकर अपनी आगे की रणनीति पर मुहर लगाई। पार्टी अब संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की निगरानी पर खास ध्यान देगी। साफ है कि बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से अभी से सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button