मैनपुरी में बिजली बनी काल, एक सप्ताह में करंट से आधा दर्जन मौतें
Mainpuri : हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पूर्व सैनिक की मौत, विद्युत विभाग पर उठे सवाल

Lucknow Desk : मैनपुरी में बिजली का करंट लगातार लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। जिले में बीते एक सप्ताह के अंदर करंट लगने से आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद बिजली हादसों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही मौतों के बाद अब विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
मैनपुरी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में करंट लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। थाना कुरावली क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई, वहीं थाना बेवर क्षेत्र में भी करंट लगने से जान चली गई। थाना किशनी क्षेत्र में एक छात्र समेत दो लोगों की मौत हुई। इसके अलावा थाना करहल क्षेत्र में दो लोगों और सदर कोतवाली क्षेत्र में भी दो लोगों की करंट लगने से मौत हो चुकी है।
लगातार हो रहे इन हादसों के कारण लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर बिजली की लाइनों की स्थिति ठीक नहीं है और विभाग को समय रहते ध्यान देना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं हादसों के बाद विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
ताजा मामला मैनपुरी सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजीव गांधी नगर का है। यहां 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय गजेंद्र सिंह पुत्र अवधेश सिंह के रूप में हुई है। गजेंद्र सिंह भारतीय सेना में सैनिक के पद पर रह चुके थे।
बताया जा रहा है कि गजेंद्र सिंह भवन निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक वह घर के पास से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गए और मौके पर गंभीर हालत में गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही परिवार को गजेंद्र सिंह की मौत की खबर मिली, घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गजेंद्र सिंह की मौत के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर बिजली विभाग समय-समय पर हाईटेंशन लाइनों की जांच और सुरक्षा इंतजामों पर ध्यान दे तो कई हादसों को रोका जा सकता है।
लगातार हो रही करंट से मौतों ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि इन हादसों को रोकने के लिए विद्युत विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
ये भी पढ़ें : https://globalnews360.com/bahraich-and-lakhimpur-on-july-14/



