उत्तर प्रदेश

बाराबंकी : सरयू का बढ़ा जलस्तर, 1100 साल पुराने मंदिर पर खतरा

नदी के तेज बहाव से पशु अस्पताल की बाउंड्रीवाल को नुकसान, मंदिर और उपस्वास्थ्य केंद्र पर भी मंडराया खतरा

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। बाराबंकी में सरयू नदी का पानी बढ़ने से हेतमापुर इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गई है। नदी का पानी बढ़ने के साथ कटान भी तेज हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद सरयू नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है। इससे नदी किनारे रहने वाले लोगों को कटान और बाढ़ का डर सताने लगा है। सरयू-घाघरा नदी ने हेतमापुर में एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। लगातार हो रही बारिश के बीच नदी की कटान अचानक तेज हो गई है।

हेतमापुर में सरयू नदी की तेज कटान का असर अब आसपास की सरकारी और धार्मिक जगहों पर भी दिखाई देने लगा है। नदी की कटान से पशु अस्पताल की बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचना शुरू हो गया है। वहीं, ईदगाह का बचा हुआ हिस्सा भी नदी की कटान की चपेट में आकर बह चुका है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर कटान इसी रफ्तार से जारी रहा तो मंदिर और उपस्वास्थ्य केंद्र भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। इसके अलावा नदी के किनारे बने कई घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है। कटान बढ़ने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों और सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

स्थिति की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम आकांक्षा गुप्ता मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान का जायजा लिया। अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने और प्रभावित परिवारों को पर्याप्त राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने और कटान जारी रहने से आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button